Breaking News

ऋषिकेश विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने किया विकास कार्य का शिलान्यास

कमल अग्रवाल (हरिद्वार )उत्तराखंड

ऋषिकेश : धर्मनगरी ऋषिकेश को और अधिक सुंदर, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ऋषिकेश कोतवाली, उप जिला चिकित्सालय एवं राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की कुल 185 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल पर 93.14 लाख रुपये की लागत से भित्तिचित्र (म्यूरल) निर्माण कार्य का ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने शिलान्यास किया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति लगातार तेज हो रही है। शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जी-20 सम्मेलन के दौरान ऋषिकेश में हुए ऐतिहासिक विकास कार्य हों, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के माध्यम से कराए जा रहे कार्य हों अथवा मंत्री रहते हुए अवस्थापना विकास निधि से सड़क निर्माण कार्य हों, इन सभी का उद्देश्य ऋषिकेश को एक बेहतर, आधुनिक और सुविधायुक्त शहर के रूप में विकसित करना रहा है।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण, सड़कों का सुदृढ़ीकरण, सीवरेज लाइन बिछाने, विद्युत लाइनों को भूमिगत करने तथा पेयजल लाइनों के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही कुंभ निधि से स्वीकृत सड़कों का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है। शहर के भीतर आकर्षक प्रवेश द्वार बनाने की योजना पर भी जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्य विभिन्न स्तरों पर गतिमान हैं तथा कई महत्वपूर्ण योजनाएं प्रस्तावित हैं। इन सभी कार्यों का उद्देश्य ऋषिकेश के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही शहर को विकास और आधुनिकता की नई पहचान दिलाना है।

उन्होंने कहा कि 93.14 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ये भित्तिचित्र ऋषिकेश के सौंदर्यीकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल हैं। 185 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल पर बनने वाली कलाकृतियां शहर की दीवारों को आकर्षक स्वरूप प्रदान करेंगी। देश-विदेश से ऋषिकेश आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं यात्रियों को भी शहर का एक सुंदर और सकारात्मक स्वरूप देखने को मिलेगा। धर्मनगरी की पहचान को और अधिक निखारने में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि विकास का अर्थ केवल सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि शहर की सुंदरता, स्वच्छता और सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त बनाना है। ऋषिकेश को बेहतर सुविधाओं के साथ एक सुंदर एवं व्यवस्थित शहर बनाने के लिए इसी भावना से निरंतर कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर ऋषिकेश महापौर शंभू पासवान, उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस आनंद राणा, जीजीआईसी प्रधानाचार्य रचना अग्रवाल, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष राजपाल ठाकुर, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, प्राधिकरण अभियंता सुनील उप्रेती, पूर्व पार्षद शिवकुमार गौतम, बृजेश शर्मा, इंद्र कुमार गोदवानी, निवेदिता सरकार, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, मंडल महामंत्री नितिन सक्सेना, पार्षद रीना शर्मा, गोपाल सती, चेतन शर्मा, राम सिंह पवार, दुर्गा जिंदल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Check Also

मिठाई की दुकानों से लेकर ऑनलाइन स्टोर तक छापेमारी, काजू कतली, सोन पापड़ी और मिल्क केक के नमूने जांच को भेजे

कमल अग्रवाल (हरिद्वार)उत्तराखंड देहरादून : त्योहारी सीजन में आम जनता को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *