रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से 50 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए, नगर निगम का अभियान जारी
www.shrimannews.in
August 24, 2026
कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड
हरिद्वार: नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशानुसार नगर निगम हरिद्वार ने सोमवार को रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए 50 से अधिक अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। नगर निगम की कार्रवाई से क्षेत्र में यातायात और आवागमन के लिए बाधा बने कई अस्थायी ढांचे व कब्जे हटाए गए।
नगर निगम अधिकारियों ने अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में सार्वजनिक भूमि, सड़क और घाट क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अस्थायी या स्थायी अतिक्रमण न करें। अधिकारियों ने कहा कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम का कहना है कि रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अस्थायी अतिक्रमणों के कारण सफाई व्यवस्था, यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया और क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
नगर निगम ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखा जा सके और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार, अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर, सफाई नायक अशोक कुमार सहित नगर निगम के कर्मचारी मौजूद रहे।