21 व 22 नवंबर को होगा आयोजन, कई राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्रियों सहित अनेक गणमान्य अतिथि होंगे शामिल
www.shrimannews.in
November 19, 2026
कमल अग्रवाल (हरिद्वार )उत्तराखंड
हरिद्वार : वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्मशताब्दी समारोह के द्वितीय चरण के द्वितीय पुष्प को लेकर शांतिकुंज एवं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 21 एवं 22 नवंबर को आयोजित होने वाले इस विशेष समारोह में देश-विदेश से तीस हजार से अधिक गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं एवं परिजनों के पहुंचने की संभावना है।
आयोजन को सुव्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए कई स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में कार्यक्रम स्थल, आवास, भोजनालय यातायात, अतिथि सत्कार, मीडिया सेंटर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ता पूरी तत्परता से जुटे हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों सहित ा विदेशों में सक्रिय गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी। आयोजन को लेकर शांतिकुंज के कार्यकर्ताओं और परिजनों में विशेष उत्साह है। उल्लेखनीय है कि वंदनीया माताजी ने अपना संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, साधना, सेवा एवं नारी जागरण के माध्यम से समाज निर्माण के लिए समर्पित किया। उनका जीवन गायत्री परिवार के करोड़ों परिजनों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ चिन्मय पण्ड्या ने बताया कि जन्मशताब्दी समारोह का यह द्वितीय चरण माताजी के जीवन दर्शन, आदर्शों एवं उनके द्वारा पोषित युग निर्माण अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। यह एक त्रिवेणी संगम है। पहला वंदनीया माताजी का जन्म शताब्दी, अखण्ड दीप के प्राकट्य का सौ वर्ष और युगऋषि पं श्रीराम शर्मा आचार्य जी की साधना का सौ वर्ष। इसके माध्यम से सेवा, साधना, संस्कार अूौर सामाजिक परिवर्तन के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की जाएगी।