Breaking News

माधुबन आश्रम ऋषिकेश द्वारा आयोजित 28वीं श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा का किया भव्य आयोजन

कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड

ऋषिकेश * माधुबन आश्रम ऋषिकेश द्वारा आयोजित 28वीं श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा का आज भव्य आयोजन किया गया। भोर से ही पूरे नगर में भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के पूर्व वित्त, शहरी विकास एवं आवास मंत्री एवं ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा माता के रथों का दर्शन एवं पूजन किया।

डॉ. अग्रवाल ने इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और समरसता का उत्सव है। यह यात्रा हमें सेवा, त्याग और समाज में प्रेम फैलाने की प्रेरणा देती है। ऋषिकेश की यह भूमि सदैव से अध्यात्म का केंद्र रही है, और यहाँ की हर गलियों में भक्ति की धारा प्रवाहित होती है।

उन्होंने मधुबन आश्रम के सभी संतों, सेवकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आश्रम द्वारा बीते 27 वर्षों से निरंतर रथ यात्रा का आयोजन करना यह दर्शाता है कि किस प्रकार से ऋषिकेश की परंपरा और आध्यात्मिकता आज भी जीवंत है।

कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य रथ यात्रा मधुबन आश्रम से प्रारंभ होकर त्रिवेणी घाट चौक होते हुए नगर भ्रमण करती हुई गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, रेलवे रोड पर सम्पन्न हुई, जहाँ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएँ, बच्चे, साधु-संत और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पूरे मार्ग पर पुष्पवर्षा, भक्ति संगीत और हरि-नाम संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय रहा।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एक सूत्र में बाँधने का कार्य करते हैं। उन्होंने भगवान श्रीजगन्नाथ से राज्य की समृद्धि, जनकल्याण और सभी नागरिकों के सुख-शांति की प्रार्थना की।

Check Also

रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से 50 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए, नगर निगम का अभियान जारी

कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड हरिद्वार: नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशानुसार नगर निगम हरिद्वार ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *