Breaking News

कुसुम कण्डवाल ने छात्रों को सोशल मीडिया व एआई के दुष्प्रयोग से सतर्क रहने की दी सलाह

कमल अग्रवाल ( हरिद्वार )उत्तराखंड

देहरादून। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बसन्त विहार, देहरादून का वार्षिकोत्सव गुरुवार को बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता रावत, मुख्य अतिथि श्रीमती कुसुम कण्डवाल अध्यक्ष, राज्य महिला आयोग, उत्तराखंड, भूतपूर्व डीआईजी एस.एस. कोठियाल, भूतपूर्व डीजीएम शशि कपूर, तथा शिक्षा अधिकारियों विजय चंद्र नौटियाल, विनय मोहन थपलियाल, विशाल सावन सहित विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

गढ़वाली सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत होने के बाद छात्रों ने इन्टरहाउस शारीरिक व्यायाम, पिरामिड निर्माण और तालबद्ध पीटी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब वाह-वाही बटोरी तथा प्रतियोगिता में अशोक हाउस प्रथम, शिवाजी व टैगोर हाउस ने द्वितीय, जबकि रमन हाउस तृतीय रहा। निर्णायक की भूमिका विशाल सावन ने निभाई।

मिडिल ब्रांच के छात्रों ने गरबा की रंगारंग प्रस्तुति दी, वहीं प्राइमरी ब्रांच के बच्चों की मनोहारी प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। मंच पर प्रस्तुत गोवा कार्निवल की जीवंत झलक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बनी रही और दर्शकों से भरपूर सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कुसुम कण्डवाल ने छात्रों की प्रतिभा की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करना बेहद जरूरी है क्योंकि इसका गलत इस्तेमाल बच्चों की मानसिकता और दिशा दोनों को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने एआई के बढ़ते उपयोग पर कहा कि तकनीक अवसरों का द्वार खोलती है, लेकिन इसका अनुचित प्रयोग गंभीर परिणाम भी दे सकता है, इसलिए बच्चों को इसके सही उपयोग पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि महिला परिवार का केंद्र बिंदु होती है, वही पूरे परिवार की धुरी होती है। उसके दिए गए संस्कार ही अच्छा परिवार और अच्छे परिवारों से एक श्रेष्ठ समाज का निर्माण करते हैं। अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कहा कि संस्कार, अनुशासन और लक्ष्य, ये तीन चीजें किसी भी बच्चे को सफलता की ऊंचाइयों तक ले जाती हैं। उन्होंने नशा विरोधी संदेश देते हुए समाज और परिवार की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता रावत ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और बताया कि बोर्ड परीक्षाओं में छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विद्यालय के एक छात्र ने जिला और राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग के लिए स्थान बनाया है। खेल प्रतियोगिताओं और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में भी छात्रों ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं।

श्री गुरुराम राय एजुकेशन मिशन के अधिकारी वी.सी. नौटियाल और विनय मोहन थपलियाल ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनकी शैक्षिक उपलब्धियों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देकर ओवरऑल ट्रॉफी टैगोर हाउस ने अपने नाम की।

मंच संचालन सुनीता नेगी ने किया, जबकि कार्यक्रम का सफल संयोजन ऋतु गुप्ता, प्रमोद रावत और डॉ. सुधांशु ध्यानी द्वारा किया गया

एसजीआरआर वसंत विहार के मिडिल ब्रांच इंचार्ज मनीषी मेहरा और प्राइमरी इंचार्ज मिंतुष कपूर की उपस्थिति भी महत्वपूर्ण रही।

Check Also

रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से 50 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए, नगर निगम का अभियान जारी

कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड हरिद्वार: नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशानुसार नगर निगम हरिद्वार ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *