श्री रणकेश्वर धाम के निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर में उमड़ी भीड़, क्षेत्रवासियों ने महाराज का जताया आभार
www.shrimannews.in
September 24, 2026
कमल अग्रवाल( हरिद्वार )उत्तराखंड
हरिद्वार : उत्तरी हरिद्वार स्थित श्री रणकेश्वर धाम में महाराज के सानिध्य में आयोजित निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर के चौथे दिन भी बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपचार के लिए पहुंचे। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बिना दवाई फिजियोथेरेपी के माध्यम से विभिन्न शारीरिक समस्याओं से राहत के लिए परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। लगातार बढ़ रही लोगों की सहभागिता से शिविर में सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता का वातावरण बना हुआ है।
शिविर में सर्वाइकल, कमर एवं घुटनों के दर्द, कंधे की समस्या, माइग्रेन, नसों से संबंधित परेशानियों सहित विभिन्न शारीरिक समस्याओं से पीड़ित लोगों को फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। डॉ. गुरदीप सिंह (डीपीटी फिजियो एक्सपर्ट), डॉ. रवि कुमार एवं डॉ. मन्जन कुमार द्वारा मरीजों की समस्याओं को समझते हुए आवश्यक परामर्श और उपचार दिया जा रहा है।
शिविर में उपचार का लाभ लेने पहुंचे लोगों ने कहा कि आर्थिक रूप से सामान्य परिवारों के लिए इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर काफी उपयोगी साबित होते हैं। उपचार के साथ ही लोगों को अपनी दिनचर्या, व्यायाम और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का अवसर भी मिल रहा है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि महाराज जी द्वारा धार्मिक एवं आध्यात्मिक सेवा के साथ स्वास्थ्य सेवा की दिशा में किया जा रहा यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी है।
क्षेत्रवासियों ने महाराज जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञों की सलाह और उपचार की सुविधा आसानी से मिल जाती है। लोगों ने भविष्य में भी समय-समय पर इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जनसेवा शिविर आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार इनका लाभ उठा सकें।
आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंदों को उपचार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। शिविर में लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सेवा कार्य को आगे भी निरंतर जारी रखने की भावना व्यक्त की गई। शिविर 20 से 24 सितंबर तक प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने सभी आयु वर्ग के लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।