राधे-राधे भागवत समिति, जयपुर राजस्थान की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस पर श्रद्धालुओं ने ध्रुव चरित्र, कपिल देव अवतार एवं भक्त प्रह्लाद चरित्र के प्रसंगों का किया श्रवण
www.shrimannews.in
October 2, 2026
कमल अग्रवाल( हरिद्वार) उत्तराखंड
हरिद्वार : भूपतवाला स्थित सुखदेव आश्रम में राधे-राधे भागवत समिति, जयपुर राजस्थान की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस पर भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने ध्रुव चरित्र, कपिल देव अवतार एवं भक्त प्रह्लाद चरित्र के प्रसंगों का श्रवण किया।
व्यास पीठ पर विराजमान परम श्रद्धेय मदन मोहन जी महाराज ने श्रीमद्भागवत के इन प्रेरणादायी प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
महाराज श्री ने ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुए बताया कि बालक ध्रुव ने अटूट संकल्प, दृढ़ विश्वास और कठोर तपस्या के बल पर भगवान श्रीहरि की कृपा प्राप्त की। उनका जीवन संदेश देता है कि सच्ची श्रद्धा और दृढ़ निश्चय से मनुष्य अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। वहीं, भक्त प्रह्लाद के चरित्र के माध्यम से उन्होंने बताया कि विपरीत परिस्थितियों और अनेक कष्टों के बावजूद प्रह्लाद ने भगवान विष्णु की भक्ति का मार्ग नहीं छोड़ा। उनकी अटूट आस्था ने यह सिद्ध किया कि सच्चे भक्त की रक्षा के लिए भगवान सदैव तत्पर रहते हैं।
कपिल देव अवतार के प्रसंग में महाराज श्री ने भक्ति, ज्ञान और आत्मबोध के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि भगवान की भक्ति मनुष्य के जीवन को सद्मार्ग पर ले जाकर उसके अंतर्मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भर देती है। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर होकर भगवान के गुणगान में लीन रहे। आयोजन स्थल पर आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक कथा का रसपान किया।