स्वतंत्रता सेनानी परिवार अपनी गरिमा को पहचानें- जितेन्द्र रघुवंशी
www.shrimannews.in
October 27, 2026
कमल अग्रवाल (हरिद्वार)उत्तराखंड
हरिद्वार : स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान तथा शिवडेल स्कूल के संस्थापक एवं श्रीयंत्र महामेरु शक्तिपीठ अमरकंटक मध्यप्रदेश के महन्त स्वामी शरद पुरी जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवार सम्मेलन आशातीत सफलताओं के साथ संपन्न हुआ देश के विभिन्न प्रान्तों से आए स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों का श्रीयंत्र महामेरु शक्तिपीठ के द्वारा विशेष रूप से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने शक्तिपीठ के द्वारा विशेष सम्मान देने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों के भाई बहनों अपनी गरिमा को पहचानें, उन्हें जो सम्मान मिल रहा है वह उनके पूर्वजों के कर्तृत्व के कारण उनके वंशज होने के कारण मिल रहा है, हम भी अपने देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सामयिक रचनात्मक कार्यक्रमों को क्रियान्वित करने में सहयोगी की भूमिका निभाएं।
रघुवंशी ने 18 अक्टूबर को जिला प्रशासन हरिद्वार के निर्देश पर हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा शहीद जगदीश वत्स पार्क निकट जटवाड़ा पुल ज्वालापुर का सौन्दर्यीकरण कराकर अशोक लॉट के साथ 529 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नामों से सुसज्जित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद कीर्ति स्तंभ के लोकार्पण तथा स्वाधीनता के पथिक हरिद्वार के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पुस्तक के विमोचन की जानकारी देते हुए उत्तराखण्ड सरकार तथा जिला प्रशासन हरिद्वार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि हर प्रान्त और जिले में संगठन के पदाधिकारियों को ऐसे ही प्रयास करना चाहिए ताकि हम अपने पूर्वजों को यथोचित सम्मान दिला सकें।
इस अवसर पर श्रीयंत्र महामेरु शक्तिपीठ के परमाध्यक्ष महन्त स्वामी शरद पुरी महाराज ने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस शक्तिपीठ में दिव्य शक्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के बाद स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों को सम्मानित करने का अवसर मिला है, इससे हार्दिक प्रसन्नता हो रही है। भारत माता को पराधीनता की बेड़ियों से मुक्त कराने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीदों के वंशजों का सम्मान करना राष्ट्र भक्ति का सम्मान करना है। अपने सम्बोधन में स्वामी शरद पुरी जी ने बताया कि हमारे कुलगुरु स्वामी हरिहरान्द भी एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे, उन्होंने वाराणसी में एक बावड़ी के अन्दर सुरंग बनाकर तहखाने में प्रेस लगाया था, जिसमें क्रान्तिकारियों के लिए निर्देश पत्र मुद्रित करके वितरित किये जाते थे, आजादी के संघर्ष में स्वामी हरिहरान्द जी पण्डित मदन मोहन मालवीय जी के साथ ही जेल में भी काफी समय रहे।
विभिन्न प्रान्तों से आए संगठन के पदाधिकारियों में से मातृशक्ति मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दीपा दास, छत्तीसगढ़ प्रदेशाध्यक्ष डॉ उषा वाजपेयी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री चन्द्र प्रकाश वाजपेयी, डॉ राजा भइया मिश्र, डॉ आलोक चंसोरिया, राजेश प्रताप सिंह, युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह, कमल अग्रवाल, राधेश्याम सोनी, सुधीर कुमार पांडे, प्रमोद कुमार द्विवेदी, दुष्यंत दुबे, नरेश कुमार यादव, महेश कुमार वर्मा, डॉ शकुंतला जितपुरे, ने भी सेनानी शहीद परिवारों को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री रघुवंश प्रताप सिंह के प्रपौत्र आदित्य प्रताप सिंह द्वारा निर्देशित फिल्म *नोटिस* का प्रमोशन किया गया, जिसमें रामायण में भगवान राम तथा दीपिका जी माता सीता की भूमिका में हैं इस फिल्म में भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।
इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वन्दे मातरम के साथ हुआ। स्वतंत्रता सेनानी परिवार समिति के द्वारा स्वामी शरद पुरी जी के साथ ही स्वामी प्रज्ञा पुरी, स्वामी ऋचा पुरी, स्वामी आस्था पुरी, स्वामी नित्यपुरी, स्वामी संज्ञा पुरी, स्वामी शिखा पुरी, स्वामी सनत पुरी, स्वामी सत्यम पुरी, स्वामी गोधन पुरी, स्वामी आज्ञा पूरी, स्वामी गार्गी पुरी तथा स्वामी सनातन पुरी को संगठन का पटका, फूलों की माला तथा मोतियों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया।