मुनिकीरेती में निकली शाकाहारी रैली, मांसाहार छोड़ने का दिया संदेश
www.shrimannews.in
October 27, 2026
कमल अग्रवाल (हरिद्वार)उत्तराखंड
मुनिकीरेती : ध्यान योग महाकुंभ में शामिल प्रतिभागियों एवं स्वामी नारायण आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को मुनिकीरेती क्षेत्र में शाकाहारी जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को शाकाहार अपनाने और मांसाहार का त्याग करने का संदेश दिया गया।
रैली शीशमझाड़ी से शुरू होकर कैलाश गेट, जानकी झूला होते हुए स्वामी नारायण घाट पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने शाकाहार के समर्थन में संदेश दिए और लोगों को स्वस्थ एवं सात्विक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
स्वामी नारायण आश्रम के अध्यक्ष सुनील भगत ने कहा कि आज आवश्यकता है कि विश्वभर में लोग मांसाहार का त्याग कर शाकाहार को अपनाएं। उन्होंने कहा कि शाकाहारी जीवनशैली को अपनाने से समाज में करुणा, अहिंसा और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिल सकता है।
रैली में ध्यान योग महाकुंभ के प्रतिभागियों, स्वामी नारायण आश्रम से जुड़े लोगों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।