उत्तराखंड स्थापना दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि भाजपा-कांग्रेस दोनों की सरकारों पर उठे सवाल- हेमा भण्डारी
www.shrimannews.in
November 9, 2026
कमल अग्रवाल ( हरिद्वार)उत्तराखंड
हरिद्वार : उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर जन अधिकार पार्टी जनशक्ति की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भण्डारी ने रामपुर तिराहा, मुजफ्फरनगर पहुंचकर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीद साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर मौन धारण किया और कहा कि उत्तराखंड हमें किसी की कृपा से नहीं, बल्कि हमारे शहीदों के बलिदान, माताओं-बहनों के संघर्ष और युवाओं के खून-पसीने से मिला है।
हेमा भण्डारी ने कहा कि 2 अक्टूबर 1994 की वो काली रात उत्तराखंड कभी नहीं भूलेगा। रामपुर तिराहा पर हमारे निहत्थे आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाई गईं, हमारी बहनों के साथ अत्याचार हुआ। आज 26 साल बाद भी उन शहीदों को पूरा न्याय नहीं मिला, दोषियों को सजा नहीं मिली। यह भाजपा हो या कांग्रेस, दोनों की सरकारें इस सवाल से भागती रही हैं।”
उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों की सरकारों पर तीखा सवाल उठाते हुए कहा -26 साल में भाजपा की सरकारें सबसे ज्यादा रही, डबल इंजन की सरकार रही, फिर भी पलायन क्यों नहीं रुका? पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम क्यों नहीं आई? शहीदों के सपनों का उत्तराखंड क्यों नहीं बना?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने भी उत्तराखंड को सिर्फ वोट बैंक समझा। भू-कानून, मूल निवास, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा पर ठोस काम क्यों नहीं किया?
आज भी पहाड़ के गांव खाली हो रहे हैं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं, स्कूलों में शिक्षक नहीं, युवाओं को नौकरी के लिए दिल्ली-मुंबई जाना पड़ रहा है। क्या इसी के लिए शहीदों ने कुर्बानी दी थी?
हेमा भण्डारी ने संकल्प लिया कि जन अधिकार पार्टी जनशक्ति शहीदों के सपनों के लिए लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजबूत भू-कानून और मूल निवास लागू हो।
रामपुर तिराहा के दोषियों को सजा मिले, शहीद परिवारों को न्याय मिले। पलायन रोका जाए, पहाड़ में ही रोजगार दिया जाए।
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सबसे पहले हो। अंकिता भंडारी हत्याकांड में लिप्त वी आई पी को सजा देकर अंकिता के माता पिता को और उत्तराखंड की बेटी को न्याय मिले।