Breaking News

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का किया लोकार्पण

कमल अग्रवाल ( हरिद्वार)उत्तराखंड

हरिद्वार  : मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सप्तऋषि, हरिद्वार स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला द्वारा गौसेवा, गोवंश संरक्षण एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कामधेनुलोक जैसी पहल गौसंरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है। हमारी परंपरा में गौ माता को सर्वदेवमयी माना गया है। गांवों में आज भी गौ माता को परिवार का सदस्य मानकर उनकी सेवा की जाती है। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी अभिन्न अंग है। गौसंरक्षण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण आजीविका को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ यह अभियान आज व्यापक स्वरूप ले चुका है। संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण किया जा रहा है। अकेले हरिद्वार में हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध एवं बीमार गोवंश को आजीवन संरक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में नंदी भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्था द्वारा गौसेवा के साथ मानव सेवा के क्षेत्र में भी सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है। गोवंश के लिए चिकित्सा, चारे एवं पौष्टिक आहार की समुचित व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त संस्था द्वारा प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराने के साथ जरूरतमंद परिवारों को राशन एवं चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सेवा और समर्पण की ऐसी पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखण्ड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखरेख तथा गौ आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गौपालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों, विशेषकर मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बद्री गाय के शुद्ध घी एवं अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जनपद में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से स्थानीय पशुपालकों को बेहतर अवसर मिलने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वर्तमान में प्रदेश के 72 पंजीकृत एवं 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है, ताकि गांवों के स्तर पर भी गौसेवा एवं गौसंरक्षण की व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है। इन स्थानों पर गौशालाओं के निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण वर्तमान समय की एक महत्वपूर्ण चुनौती है। कृषि कार्यों में मशीनों का उपयोग बढ़ने से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में परिवर्तन आया है। ऐसे में गौसंरक्षण के लिए दीर्घकालिक एवं व्यावहारिक समाधान विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल गौशालाओं का निर्माण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना भी जरूरी है। इससे गौसंरक्षण के साथ किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार गौसंरक्षण से संबंधित कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश के प्रति क्रूरता एवं गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं हरिद्वार की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क एवं यातायात व्यवस्था, नए पुलों, संपर्क मार्गों तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले के दृष्टिगत सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के साथ आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि की आध्यात्मिक विरासत, स्वच्छता, सुव्यवस्था और अतिथि सत्कार का सुखद अनुभव लेकर लौटें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने विकल्प रहित संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। गौसंरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को एक-दूसरे से जोड़ना भी इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का एक अनुकरणीय मॉडल बनेगी।

मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़े सभी संतों, सेवकों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, श्री मदन कौशिक एवं श्री प्रदीप बत्रा, ,राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, विधायक श्री प्रेमचंद अग्रवाल एवं श्री प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज,स्वामी आत्मानंद महाराज, स्वामी सच्चिदानंद साक्षी जी महाराज,महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वरदास जी महाराज,स्वामी संजय महंत, मेयर नगर निगम हरिद्वार श्रीमती किरण जैसल,मेयर रुड़की श्रीमती अनीता अग्रवाल जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र,सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Check Also

नंदा गौरा योजना से वंचित पात्र बालिकाओं के लिए जल्द जारी होगी विज्ञप्ति, 30 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन- रेखा आर्या

कमल अग्रवाल ( हरिद्वार)उत्तराखंड देहरादून :  महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *