ऋषिकेश की बसों में कार्यरत चालक-परिचालकों तथा वाहन स्वामियों ने ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से भेंट की
www.shrimannews.in
November 12, 2026
कमल अग्रवाल( हरिद्वार )उत्तराखंड
ऋषिकेश : 02 अक्टूबर 1994 को उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान टीजीएमओ कंपनी एवं यातायात कंपनी ऋषिकेश की बसों में कार्यरत चालक-परिचालकों तथा वाहन स्वामियों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्य आंदोलन में सम्मिलित हुई बसों का किराया आज तक नहीं मिलने की समस्या को लेकर डॉ. अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।
डॉ. अग्रवाल ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुना और इस विषय का संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि वह जल्द ही प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी से वार्ता कर इस प्रकरण के समाधान का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में प्रत्येक आंदोलनकारी, संगठन और सहयोगी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आंदोलन के दौरान जिन लोगों ने अपने संसाधनों और सेवाओं के माध्यम से सहयोग दिया, उनकी समस्याओं का समाधान होना आवश्यक है। राज्य आंदोलन से जुड़े इस प्रकरण को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।
इस अवसर पर शैलेंद्र सिंह नेगी, मनीराम जुयाल, एस.एस. राणा, कुलाराम पैन्यूली, मानसिंह रौतेला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।