Breaking News

कुंभ-2027: पुलों के निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर मेला प्रशासन का विशेष जोर

कमल अग्रवाल ( हरिद्वार)उत्तराखंड

हरिद्वार : कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। गंगा घाटों के निर्माण एवं मरम्मत से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को गति देने के बाद अब मेला प्रशासन का विशेष जोर विभिन्न स्थानों पर निर्माणाधीन पुलों व अन्य लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने पर है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशों के क्रम में निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। इसके तहत वरिष्ठ अधिकारी लगातार कार्यस्थलों पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के साथ ही उनकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जा सके।

इसी क्रम में बुधवार को अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी में सूखी नदी पर निर्माणाधीन डबल लेन स्टील गर्डर पुल तथा दक्षद्वीप में एस्केप चैनल पर बन रहे पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेते हुए विभिन्न चरणों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। इसके लिए कार्यदायी संस्थाएं पर्याप्त संसाधनों का उपयोग करते हुए पूरी क्षमता एवं दक्षता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता के मानकों का भी पूरी गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि तैयार होने वाले पुल कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों के आवागमन के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक साबित हों।

अपर मेलाधिकारी ने पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग पर चल रहे सड़क सुधारीकरण एवं फुटपाथ निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता श्री योगेश कुमार को निर्देशित किया कि मार्ग के जिन हिस्सों में सीसीटीवी नेटवर्क की भूमिगत केबल डालने तथा सीवरेज लाइन से संबंधित कार्य शेष होने के कारण सड़क सुधारीकरण का कार्य लंबित था, वहां अब संबंधित कार्य पूरे हो चुके हैं। ऐसे में सड़क सुधारीकरण के लंबित कार्यों एवं फुटपाथ निर्माण के शेष कार्यों को बिना किसी विलंब के पूरा कराया जाए।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दृष्टिगत प्रमुख मार्गों का सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित होना अत्यंत आवश्यक है। सड़क सुधारीकरण के साथ फुटपाथ निर्माण पूरा होने से पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

कुंभ मेला-2027 से जुड़े निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष श्री राजेश चंद्र शर्मा, अधीक्षण अभियंता श्री डीपी सिंह तथा सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री बीसी पांडे सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बुधवार को मेला क्षेत्र में विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशानुसार मेला क्षेत्र में चल रहे स्थायी एवं अस्थायी निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। मेला प्रशासन का प्रयास है कि कुंभ मेले से जुड़े सभी प्रमुख आधारभूत कार्य निर्धारित समय पर पूरे हों और श्रद्धालुओं को बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही कुंभ नगरी हरिद्वार में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जा सकें।

Check Also

देसंविवि की गौशाला में श्रद्धा के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा

कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड हरिद्वार  : देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर स्थित गौशाला में गोवर्धन पूजा का पर्व …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *