Breaking News

देसंविवि की गौशाला में श्रद्धा के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा

कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड

हरिद्वार  : देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर स्थित गौशाला में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। गौमाता को तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित किए गए और आरती उतारी गई। उपस्थित लोगों ने गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में शांतिकंुज एवं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने गौमाता के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए गोसेवा को भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण अंग बताया। इस अवसर पर गौशाला में गायों को हरा चारा एवं गुड़ खिलाया गया। गौशाला की स्वच्छता और गोवंश की देखभाल से जुड़ी गतिविधियां भी की गईं। इस अवसर पर श्रीमती शैफाली पण्ड्या ने कहा कि भारतीय संस्कृति के पर्व एवं त्योहार परंपराओं के निर्वहन के साथ ही जीवन को प्रकृति के अनुकूल बनाने और उसके प्रति उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा देते हैं।

विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस पर्व ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों को भारतीय संस्कृति में गोवंश के महत्व से परिचित कराया। इस अवसर पर शांतिकंुज व्यवस्थापक श्री योगेन्द्र गिरि, कुलसचिव श्री बलदाउ देवांगन सहित शांतिकंुज व देवसंस्कृति विवि परिवार के अनेक लोग उपस्थित रहे।

जन्मभूमि, कर्मभूमि और तपोभूमि की पावन रज-जल लेकर रवाना हुईं तीन रथ यात्राएं : अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 21 एवं 22 नवंबर 2026 को देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके प्रचार-प्रसार के लिए तीन रथ यात्राएं रवाना हुईं। विधिवत पूजन-वंदन के बाद इन यात्राओं को विदाई दी गई।

तीनों रथों में माताजी की जन्मभूमि (आंवलखेड़ा), कर्मभूमि (हरिद्वार) और तपोभूमि मथुरा (जयपुर ) की पावन रज एवं जल रखा गया है। ये उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न जिलों में भ्रमण करेंगी। इस दौरान गायत्री परिवार के परिजन स्थानीय स्तर पर कार्यक्रमों के माध्यम से जन्मशताब्दी समारोह का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। तीनों यात्राएं 19 नवंबर तक शांतिकुंज लौटेंगी।

शांतिकुंज से रवाना होने वाली यात्रा को व्यवस्थापक श्री योगेंद्र गिरि और पश्चिमोत्तर जोन के समन्वयक श्री वीरेंद्र तिवारी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर गायत्री परिजनों ने पूजन किया और यात्रा की सफलता की कामना की।

Check Also

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल रायवाला के निकट आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए

कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड ऋषिकेश, रायवाला : उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर ऋषिकेश विधायक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *