उत्तरी हरिद्वार स्थित प्राचीन श्री राम मंदिर में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया अन्नकूट महोत्सव
www.shrimannews.in
November 10, 2026
कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड
हरिद्वार : भूपतवाला स्थित प्राचीन श्री राम मंदिर में अन्नकूट उत्सव बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ प्रातः स्मरणीय पूज्य गुरु भगवान श्री महंत रामदास जी महाराज के पतित पावन सानिध्य में मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। भगवान श्रीराम के जयकारों एवं भजन-कीर्तन से संपूर्ण मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा।
इस अवसर पर पूज्य गुरु भगवान श्री महंत रामदास जी महाराज ने अपने पावन विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अन्नकूट महोत्सव भारतीय सनातन संस्कृति, श्रद्धा, समर्पण एवं सेवा भावना का अनुपम पर्व है। भगवान को अन्नकूट का भोग अर्पित करना केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति एवं अन्न के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का भी पावन माध्यम है। अन्न भगवान का स्वरूप है और जरूरतमंदों एवं संत-महात्माओं को भोजन कराना सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में सदैव धर्म, भक्ति, परोपकार एवं सेवा के मार्ग पर चलते हुए अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए।
इस अवसर पर पूज्य श्री महंत बलराम दास जी महाराज ने अपने पावन उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान की सच्ची भक्ति मनुष्य को अहंकार से दूर कर सेवा, प्रेम एवं सद्भावना की ओर प्रेरित करती है। अन्नकूट महोत्सव हमें मिल-जुलकर रहने, अन्न का सम्मान करने तथा सभी जीवों के प्रति करुणा एवं दया का भाव रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संतों का सानिध्य एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागिता मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का संचार करती है।
अन्नकूट उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल भंडारे में संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने बड़ी श्रद्धा के साथ भोजन प्रसाद ग्रहण किया। सभी ने भगवान श्रीराम से परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि तथा कल्याण की मंगल कामना की।
इस अवसर पर श्री राजीव भट्ट, सूरज शर्मा, पूज्य स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज, पार्षद राम लक्ष्मण, लाल सोनी, लाल गुप्ता सहित भारी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु भक्तगण उपस्थित रहे। सभी ने इस पावन धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया तथा भोजन प्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य एवं कृतार्थ किया।