ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गत रात्रि हुए भीषण सड़क हादसे में अपनी जान गंवाने वाले चार युवकों के परिजनों से AIIMS ऋषिकेश पहुंचकर भेंट की
www.shrimannews.in
December 17, 2025
कमल अग्रवाल( हरिद्वार) उत्तराखंड
ऋषिकेश / ऋषिकेश विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश के गुमानीवाला क्षेत्र स्थित मनसा देवी फाटक पर गत रात्रि हुए भीषण सड़क हादसे में अपनी जान गंवाने वाले चार युवकों के परिजनों से AIIMS ऋषिकेश पहुंचकर भेंट की एवं उन्हें ढांढस बंधाया।
डॉ. अग्रवाल ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कोतवाल ऋषिकेश से दूरभाष पर वार्ता कर मामले में त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
हादसे में दिवंगत युवकों के नाम इस प्रकार हैं —
धीरज जयसवाल, हरिओम पांडे, कर्ण प्रसाद एवं सत्य कुमार।
डॉ. अग्रवाल ने प्रशासन से दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर उचित कदम उठाने का भी आग्रह किया।