गोरखाली समाज के लोगों ने ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का नेपाली पटका एवं नेपाली टोपी पहनाकर तथा पारंपरिक तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया
www.shrimannews.in
September 13, 2026
कमल अग्रवाल( हरिद्वार) उत्तराखंड
ऋषिकेश : ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के साहब नगर (छिद्दरवाला) में देर शाम आयोजित गोरखाली महिला हरितालिका तीज महोत्सव कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर गोरखाली समाज के लोगों ने डॉ. अग्रवाल का नेपाली पटका एवं नेपाली टोपी पहनाकर तथा पारंपरिक तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने भगवान शिव एवं माता पार्वती को समर्पित पावन पर्व हरितालिका तीज की सभी महिलाओं एवं गोरखाली समाज के समस्त लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरितालिका तीज भारतीय सनातन संस्कृति, आस्था, श्रद्धा और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व भगवान शिव एवं माता पार्वती के प्रति अटूट श्रद्धा के साथ-साथ नारी शक्ति, दांपत्य जीवन की मंगलकामना और परिवार की सुख-समृद्धि का संदेश देता है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि गोरखाली समाज ने अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों और पर्व-त्योहारों को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे आयोजन समाज की नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश की पहचान केवल आध्यात्मिक और धार्मिक नगरी के रूप में ही नहीं, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों और समुदायों के आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे के रूप में भी है। सभी समाजों की सहभागिता से ही एक सशक्त, समृद्ध और संस्कारवान समाज का निर्माण संभव है।
उन्होंने कहा कि गोरखाली समाज के सुख-दुख और सामाजिक आवश्यकताओं में सदैव सहभागी बनने का प्रयास किया है। क्षेत्र में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम हमारी विविधता में एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा युवा पीढ़ी को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर गोरखाली सुधार सभा के अध्यक्ष के.के. थापा, हिमालय माता मंदिर समिति के अध्यक्ष धीरज थापा, हरितालिका तीज कमेटी की अध्यक्ष संगीता गुरुंग, साहब नगर ग्राम प्रधान भावना गुरुंग, शमा पवार, अनीता राणा, अंबर गुरुंग सहित बड़ी संख्या में गोरखाली समाज के लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।