डॉ. प्रदीप चौधरी ने आईसीयू में भर्ती कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार का जाना हाल-चाल, हमले को बताया निंदनीय
www.shrimannews.in
November 3, 2026
कमल अग्रवाल( हरिद्वार )उत्तराखंड
हरिद्वार : उत्तराखंड गुर्जर महासभा के प्रदेशाध्यक्ष एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के गढ़वाल संयोजक डॉ. प्रदीप चौधरी ने जॉली ग्रांट अस्पताल के आईसीयू में भर्ती गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर सत्यदेव निगमालंकार से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
गौरतलब है कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुछ कर्मचारियों द्वारा कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार पर हमला किए जाने की घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए जॉली ग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी एवं परामर्श के अनुसार उनका उपचार चल रहा है।
घटना के संबंध में पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मचारियों को जेल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
इस दौरान डॉ. प्रदीप चौधरी ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय एवं दुखद बताते हुए कहा कि प्रोफेसर सत्यदेव निगमालंकार एक विद्वान शिक्षाविद् हैं। उनके साथ इस प्रकार की घटना होना चिंताजनक है। किसी भी व्यक्ति के साथ हिंसक व्यवहार किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक गौरव की पहचान रहा है। इस प्रकार की घटनाओं से विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा एवं छवि प्रभावित होती है। शैक्षणिक संस्थानों में आपसी सम्मान, अनुशासन, मर्यादा और संवाद की परंपरा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
डॉ. चौधरी ने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान अराजकता अथवा हिंसा नहीं है। समस्याओं को बातचीत, आपसी सहमति और संवैधानिक एवं वैधानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले में निष्पक्ष जांच के जरिए सभी तथ्यों को सामने लाया जाएगा और विश्वविद्यालय में शैक्षणिक वातावरण एवं सौहार्द की पुनर्स्थापना होगी।