अटारी धाम आश्रम में तुलसी-शालिग्राम सहस्त्रार्चन कार्यक्रम का संत भंडारे का हुआ आयोजन
www.shrimannews.in
November 22, 2026
कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड
हरिद्वार : भट्ट कॉलोनी, भूपतवाला स्थित अटारी धाम आश्रम में तुलसी-शालिग्राम सहस्त्रार्चन कार्यक्रम का समापन आश्रम के श्री महंत महावीर दास जी महाराज के पतित पावन सानिध्य में संत भंडारे के साथ श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संत-महापुरुषों ने भगवान श्रीहरि की भक्ति, तुलसी पूजन तथा शालिग्राम आराधना के आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
इस अवसर पर श्री , श्री प्रभु दास जी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म में तुलसी और शालिग्राम की पूजा का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। तुलसी भगवान श्रीहरि को अत्यंत प्रिय हैं और शालिग्राम भगवान विष्णु का पवित्र स्वरूप माने जाते हैं। ऐसे धार्मिक अनुष्ठान मनुष्य के भीतर श्रद्धा, भक्ति, विनम्रता और सकारात्मक विचारों का संचार करते हैं। संतों का सानिध्य और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता जीवन को आध्यात्मिक दिशा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि दूसरों के प्रति प्रेम, करुणा, सेवा और सद्भाव का भाव अपनाना भी सच्ची धर्म साधना है।
स्वामी गोपाल दास महाराज ने कहा कि भगवान का स्मरण और संतों का सानिध्य मनुष्य के जीवन को सद्मार्ग की ओर प्रेरित करता है। धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सद्भाव और भक्ति की भावना को मजबूत बनाते हैं। प्रभु के चरणों में श्रद्धा ही जीवन की सच्ची शांति का आधार है।
पूज्य स्वामी प्रभु दास जी महाराज ने कहा कि सनातन परंपरा में संत समागम, पूजन और भंडारे का विशेष महत्व है। संतों की वाणी मनुष्य को जीवन के वास्तविक उद्देश्य से परिचित कराती है तथा सेवा, त्याग और प्रेम की भावना जागृत करती है। प्रभु भक्ति और मानव सेवा के माध्यम से ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संत-महापुरुषों की उपस्थिति में श्रद्धापूर्वक संत भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें संतों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आश्रम में पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीहरि के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए धर्म एवं आध्यात्मिकता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।