Breaking News

हरिद्वार नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि कुत्तों से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए सीधे हेल्पलाइन नंबर का करें उपयोग

कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड

हरिद्वार/ शहर में कुत्तों (डॉग) से संबंधित समस्याओं के त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार ने एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से स्ट्रीट डॉग मैनेजमेंट, एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सहित कुत्तों से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

नगर निगम द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, हेल्पलाइन नंबर 9568844151 पर प्राप्त शिकायतों पर नगर निगम की अनुबंधित संस्था HSI (Humane Society International) द्वारा कार्रवाई की जाएगी। शिकायत दर्ज कराते समय शिकायत का प्रकार, पूरा पता और संपर्क विवरण देना अनिवार्य होगा, जिससे मौके पर पहुंचकर शीघ्र समाधान किया जा सके।

शिकायत प्राप्त होने के बाद एचएसआई की टीम पहले फोन कॉल के माध्यम से शिकायत की पुष्टि करेगी। इसके पश्चात फील्ड में जाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और अंत में शिकायतकर्ता को की गई कार्यवाही की जानकारी दी जाएगी।

इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नगर निगम हरिद्वार में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर सिंह तलियान को नोडल अधिकारी तथा मुख्य सेनेटरी इंस्पेक्टर श्रीकांत चौधरी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

इस अवसर पर नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार नंदन कुमार (आईएएस) ने कहा कि

“नगर निगम का उद्देश्य कुत्तों से जुड़ी समस्याओं का समाधान पूरी तरह मानवीय, वैज्ञानिक और समयबद्ध तरीके से करना है। हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेकर एबीसी कार्यक्रम सहित सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। आमजन से अपील है कि वे निर्धारित हेल्पलाइन नंबर पर ही अपनी शिकायतें दर्ज कराएं और सहयोग करें।”

नगर निगम प्रशासन ने यह भी जानकारी दी कि शिकायत निस्तारण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए शीघ्र ही नगर निगम और एचएसआई के संयुक्त तत्वावधान में कम्प्लेंट मैनेजमेंट वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि कुत्तों से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए सीधे हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करें, ताकि शहर में सुव्यवस्थित, सुरक्षित और मानवीय डॉग मैनेजमेंट सुनिश्चित किया जा सके।

Check Also

छिद्दरवाला ग्राम प्रधान गोकुल रमोला के नेतृत्व में अनेक ग्रामीणों ने ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से भेंट की

कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड ऋषिकेश : छिद्दरवाला ग्राम प्रधान गोकुल रमोला के नेतृत्व में अनेक ग्रामीणों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *