अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग कर कार्यक्रम का किया शुभारंभ
www.shrimannews.in
March 6, 2026
कमल अग्रवाल (हरिद्वार )उत्तराखंड
ऋषिकेश, रायवाला /ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रायवाला की ग्रामसभा प्रतितनगर स्थित होशियारी माता मंदिर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं, मातृशक्ति एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उपस्थित महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के निर्माण और विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, विज्ञान, खेल और राजनीति सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के बिना एक समृद्ध और विकसित समाज की कल्पना संभव नहीं है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। वहीं उत्तराखंड सरकार भी महिलाओं के कल्याण और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों की मांग पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने होशियारी माता मंदिर में हॉल निर्माण के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस हॉल के निर्माण से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में क्षेत्रवासियों को सुविधा मिलेगी और यह स्थान सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं बल्कि समाज को जोड़ने का भी माध्यम होते हैं। ऐसे स्थानों का विकास होने से सामाजिक एकता और आपसी सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल प्रधान राजेश जुगलान प्रधान सागरगिरी जिलापंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल अंजलि रावत बिना बंगवाल चंद्रकांता बेलवाल कृष्णा रमोला कमलेश भंडारी अंजलि नैथानी सरस्वती अधिकारी रेखा भंडारी माया डबराल सुनीता नेगी, रोशनी नौटियाल, ऋषि राम गणेश रावत राहुल अग्रवाल सुरेंद्र बिष्ट विपिन कुकरेती, उर्मिला नौटियाल आदि उपस्थित रहे।