प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “12 वर्ष सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ऋषिकेश मंडल द्वारा सोमेश्वर मंदिर में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया
www.shrimannews.in
June 14, 2026
कमल अग्रवाल( हरिद्वार) उत्तराखंड
ऋषिकेश : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “12 वर्ष सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ऋषिकेश मंडल द्वारा सोमेश्वर मंदिर में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें मंदिर एवं मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाने का कार्य किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वयं श्रमदान करते हुए स्वच्छता के महत्व को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 20 से अधिक फलदार एवं छायादार प्रजातियों के पौधों का रोपण भी किया गया। पौधारोपण के माध्यम से क्षेत्र को हरित एवं स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जो ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को साकार करता है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि जन-आंदोलन हैं, जिनमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. अग्रवाल ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करें तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर प्रकृति के संरक्षण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल सामाजिक चेतना का विस्तार होता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण का निर्माण भी होता है।
कार्यक्रम में महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मेयर शंभू पासवान, पूर्व मेयर अनीता ममगाई, ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सैनी, जिला संयोजक अरविंद चौधरी, नंदकिशोर जाटव, राजेंद्र बिजलवान, सौरभ गर्ग, सुमित पंवार, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष निवेदिता सरकार, मंडल उपाध्यक्ष गुड्डी कलुड़ा, महामंत्री दुर्गा जिंदल, निधि अग्रवाल, लक्ष्मी गुप्ता, तनु रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।