Breaking News

नगर आयुक्त हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड

हरिद्वार : नगर आयुक्त महोदय के निर्देशों के क्रम में कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के दृष्टिगत नगर निगम, हरिद्वार में सहायक नगर आयुक्त श्री एस.पी. गुप्ता एवं सहायक नगर आयुक्त सुश्री अंजलि की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य सफाई निरीक्षक श्री विकास कुमार तथा सफाई निरीक्षक श्री श्रीकांत, श्री सुनील एवं श्री अर्जुन उपस्थित रहे।

बैठक में सहायक नगर आयुक्त श्री एस.पी. गुप्ता एवं सुश्री अंजलि ने सभी मुख्य सफाई निरीक्षकों एवं सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को पूर्ण रूप से सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखें। प्रमुख मार्गों, घाटों, पार्किंग स्थलों, शिविर क्षेत्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई, समयबद्ध कूड़ा उठान एवं पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने वर्तमान में हो रही वर्षा को देखते हुए जलभराव की संभावित समस्या से निपटने के लिए नालियों एवं जल निकासी तंत्र की नियमित सफाई कराने तथा वर्षा जल की समुचित निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन स्थानों पर जलभराव की संभावना है, वहाँ विशेष निगरानी रखते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया।

सहायक नगर आयुक्तों ने कांवड़ मेला-2026 के दृष्टिगत प्रमुख मार्गों, मेला क्षेत्र एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमणों को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने, मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा श्रद्धालुओं के निर्बाध आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा सफाई, जल निकासी एवं अतिक्रमण हटाने से संबंधित कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि कांवड़ मेले के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सहायक नगर आयुक्तों ने कहा कि नगर आयुक्त महोदय के निर्देशानुसार कांवड़ मेला-2026 के दौरान नगर निगम की सभी व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाएगा, ताकि आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Check Also

तीर्थ नगरी हरिद्वार में हुआ गंगा शक्ति ज्योतिष केंद्र’ का भव्य उद्घाटन

कमल अग्रवाल( हरिद्वार )उत्तराखंड हरिद्वार : कनखल स्थित बंगाली मोड़ के पास गंगा शक्ति ज्योतिष …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *