Breaking News

श्रीमद्भागवत कथा में भगवान नरसिंह अवतार की महिमा का हुआ भावपूर्ण वर्णन

कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड

हरिद्वार : भूपतवाला स्थित रानी गली के मां जगदंबा धाम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में उज्जैन के नरसिंह गांव से पधारे श्रद्धालु भक्तजनों ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

कथा व्यास श्री ईश्वर लाल जी रावल ने अपने मधुर एवं ओजस्वी प्रवचनों में भगवान श्रीहरि के नरसिंह अवतार का अत्यंत भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी वर्णन किया।

उन्होंने कहा कि जब अत्याचारी हिरण्यकश्यप ने अहंकारवश स्वयं को ईश्वर मान लिया और भक्त प्रह्लाद को अनेक प्रकार की यातनाएं दीं, तब भगवान विष्णु ने नरसिंह अवतार धारण कर अपने भक्त की रक्षा की तथा अधर्म का अंत कर धर्म की पुनः स्थापना की। कथा व्यास ने अनेक सुंदर दृष्टांतों के माध्यम से बताया कि सच्चे मन से प्रभु का स्मरण करने वाले भक्त की रक्षा स्वयं भगवान करते हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा, विश्वास और समर्पण ही जीवन को सफल बनाता है। विपरीत परिस्थितियों में भी जो व्यक्ति धर्म और सत्य का साथ नहीं छोड़ता, उस पर भगवान की विशेष कृपा बनी रहती है। कथा के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्तजन भक्ति रस में डूबकर भगवान नरसिंह के जयघोष करते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

समापन पर श्रद्धालुओं ने कथा व्यास से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा विश्व शांति, मानव कल्याण और सभी के सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। कथा के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

इस अवसर पर श्री बाबूलाल परमार मुन्नालाल पांडया आनंद पांडया अमृतलाल रामचंद्र जी माली श्यामलाल प्रजापति कन्हैयालाल माता शीला देवी सहित भारी संख्या में भक्तजन कथा श्रवण कर अपने जीवन को कल्याण की ओर ले जा रहे हैं

Check Also

 स्व. श्री मांगेराम अग्रवाल जी की 23वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

कमल अग्रवाल (हरिद्वार )उत्तराखंड ऋषिकेश, डोईवाला : स्व. श्री मांगेराम अग्रवाल जी की 23वीं पुण्यतिथि पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *