2027 में लालढांग ग्रामीण सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे गोकुल सिंह रावत, जनहित के मुद्दों को बनाएंगे प्राथमिकता
www.shrimannews.in
September 8, 2026
कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड
हरिद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल के हरिद्वार जिला अध्यक्ष गोकुल सिंह रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी राजनीतिक तैयारियों और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वह लालढांग ग्रामीण क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं और क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
गोकुल सिंह रावत ने कहा कि लालढांग ग्रामीण क्षेत्र लंबे समय से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिंचाई, पेयजल और सुरक्षित आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है। जनप्रतिनिधियों को केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे कार्यकाल में जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कराने के लिए संघर्ष करना चाहिए।
उन्होंने उत्तराखंड क्रांति दल की नीतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यूकेडी का मूल उद्देश्य उत्तराखंड के जल, जंगल, जमीन और स्थानीय संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और पहाड़ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के हितों की मजबूती से पैरवी करना है।
उन्होंने कहा कि आगामी 2027 का चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का माध्यम नहीं, बल्कि उत्तराखंड के भविष्य और जनहित के मुद्दों को नई दिशा देने का अवसर है। यदि जनता ने उन्हें अवसर दिया तो वह लालढांग ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में मजबूती से उठाने तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
गोकुल सिंह रावत ने क्षेत्रवासियों से जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया और कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल जनता के अधिकारों एवं प्रदेश के हितों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाएगा।