Breaking News

श्री गोरखनाथ अलख अखाड़े में भव्य पट्टाभिषेक समारोह संपन्न

कमल अग्रवाल ( हरिद्वार)उत्तराखंड

हरिद्वार :  कनखल दक्ष रोड स्थित एक आश्रम में श्री गोरखनाथ अलख अखाड़े द्वारा भव्य पट्टाभिषेक समारोह का आयोजन अखाड़े के अध्यक्ष प्रातः स्मरणीय परमात्मस्वरूप श्री संजीवन नाथ जी महाराज के पतित पावन सानिध्य में श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ।

समारोह में संत-महापुरुषों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर विभिन्न संतों को महामंडलेश्वर एवं पीठाधीश्वर पदों पर प्रतिष्ठित कर उन्हें नई आध्यात्मिक एवं धार्मिक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

पट्टाभिषेक समारोह के अंतर्गत गुरु माता साध्वी तृप्ति जी महाराज, महामंडलेश्वर श्री कमल नाथ अघोरी जी, श्री पुलकिता नाथ सरस्वती, महामंडलेश्वर श्री चित्र गुप्ता आचार्य गोरखनाथ जी महाराज, महामंडलेश्वर ललित नाथ अघोरी जी, महंत मनजीत नाथ अघोरी जी एवं महंत सुरेंद्रनाथ अघोरी जी को पीठाधीश्वर पद की जिम्मेदारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर परम पूज्य हर्षिता जी महाराज ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सनातन धर्म की परंपरा में संतों का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। संत समाज केवल धर्म और अध्यात्म का मार्ग ही नहीं दिखाता, बल्कि समाज को संस्कार, सद्भाव, सेवा और मानवता का संदेश भी देता है।

पट्टाभिषेक जैसे धार्मिक आयोजन संत परंपरा की गरिमा को आगे बढ़ाने के साथ ही नई पीढ़ी को आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने सभी नवनियुक्त संत-महापुरुषों को शुभकामनाएं देते हुए धर्म, संस्कृति और मानव सेवा के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने का संदेश दिया।

वहीं महामंडलेश्वर जगदीश चंद्र प्रजापति जी महाराज ने अपने सुंदर विचारों में कहा कि संत परंपरा भारतीय सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। संतों का जीवन त्याग, तपस्या, साधना और परोपकार को समर्पित होता है। पद और प्रतिष्ठा के साथ समाज एवं धर्म के प्रति जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी संत समाज को संगठित करने, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण तथा सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

समारोह में उपस्थित संत-महापुरुषों ने पट्टाभिषेक प्राप्त करने वाले सभी संतों को शुभाशीष प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल आध्यात्मिक जीवन की मंगलकामना की। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम का समापन संत-महापुरुषों के आशीर्वचन एवं सनातन धर्म की परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।

Check Also

श्रद्धेया शैल जीजी ने साधना स्थली और माता भगवती भोजनालय का किया शुभारंभ

 कमल अग्रवाल (हरिद्वार)उत्तराखंड हरिद्वार  : वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी समारोह के द्वितीय चरण …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *