धर्मनगरी हरिद्वार में सप्तदिवसीय ‘श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ’ का भव्य शुभारंभ
www.shrimannews.in
November 17, 2026
कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड
हरिद्वार : मोक्षदायिनी माँ गंगा के पावन तट पर स्थित अवनी आश्रम, हरिद्वार (उत्तराखंड) में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 (विक्रम संवत 2083, कार्तिक सुद आठम) से सात दिवसीय ‘श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ’ का अत्यंत हर्षोल्लास और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य शुभारंभ हुआ।
पितरों के उद्धार एवं आत्म-कल्याण के उद्देश्य से इस पावन धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन श्री चामुंडा शक्ति पूनम मंडल, सूरत द्वारा किया जा रहा है। कथा का शुभारंभ विधि-विधान से पोथी पूजन, गणपति वंदना और माँ चामुंडा के जयकारों के साथ हुआ, जिससे संपूर्ण आश्रम परिसर भक्तिमय हो उठा।
कथा के प्रथम दिन व्यास पीठ पर विराजमान सुप्रसिद्ध युवा भागवत कथाकार श्री उदयप्रसाद भानु प्रसाद गौर (लघु महंत श्री मानस हनुमंत धाम, ग्राम कटारिया, कच्छ एवं बी.ए. भागवत विशारद, सोला अहमदाबाद) ने अपनी ओजस्वी एवं संगीतमय वाणी से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। प्रथम दिवस के कथा प्रसंग में कथा व्यास ने ‘श्रीमद् भागवत महात्म्य’ का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि साक्षात भगवान श्रीकृष्ण का वाङ्मय स्वरूप है। उन्होंने भागवत के महत्व को समझाते हुए कहा कि कलयुग में जहां अन्य साधनाएं कठिन हैं, वहां केवल श्रद्धापूर्वक भागवत कथा का श्रवण करने मात्र से मनुष्य के जन्म-जन्मांतर के पाप नष्ट हो जाते हैं और जीव को परम शांति व मोक्ष की प्राप्ति होती है।
कथा व्यास ने अपने श्रीमुख से प्रथम दिन ‘आत्मदेव और धुंधकारी-गोकर्ण’ का प्रसिद्ध और मार्मिक दृष्टांत सुनाया। उन्होंने वर्णन किया कि किस प्रकार महान विद्वान होने के बावजूद ब्राह्मण आत्मदेव संतान के मोह में दुखी रहे और कुसंगति के कारण उनका पुत्र धुंधकारी प्रेत योनि को प्राप्त हुआ। अंततः उनके ज्ञानवान पुत्र गोकर्ण जी के मार्गदर्शन में जब सूर्यदेव की आज्ञा से सात दिनों तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन हुआ, तो कथा श्रवण के प्रभाव से धुंधकारी को प्रेत योनि से मुक्ति मिली और वह दिव्य विमान में बैठकर वैकुंठ धाम को प्रस्थान कर गया। इस दृष्टांत के माध्यम से व्यास जी ने यह गूढ़ संदेश दिया कि भागवत कथा में इतनी शक्ति है कि यह भटके हुए जीव का भी उद्धार कर देती है और व्यक्ति को सत्संग व सदाचार के मार्ग पर ले जाती है।
कथा के दौरान सुमधुर भजनों की प्रस्तुति पर उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे और पूरा वातावरण ‘जय श्री कृष्णा’ व ‘जय माँ चामुंडा’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा। आयोजक मंडल ने बताया कि यह कथा प्रतिदिन प्रातः 09:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। आगामी दिनों में कथा के अंतर्गत कपिल अवतार, नृसिंह अवतार, वामन अवतार, श्री कृष्ण जन्मोत्सव (नंदोत्सव), गोवर्धन पूजा, रुक्मिणी विवाह और सुदामा चरित्र जैसे अलौकिक प्रसंगों का वर्णन होगा।
23 नवंबर 2026 को कथा के विश्राम (पूर्णाहुति) एवं 24 नवंबर को संतों और आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति में महाप्रसादी व विदाई समारोह के साथ इस महायज्ञ का समापन होगा। श्री चामुंडा शक्ति पूनम मंडल, सूरत ने सभी धर्मप्रेमी जनों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस ज्ञानयज्ञ का पुण्य लाभ लेने का आह्वान किया है।