Breaking News

कैलेंडर नववर्ष पर शांतिकुंज में साधना व यज्ञ, जन्मशताब्दी वर्ष को उत्साह से मनाने का आह्वान

कमल अग्रवाल  ( हरिद्वार )उत्तराखंड

हरिद्वार  / शांतिकुंज में अंग्रेजी कैलेंडर के पहले दिन का शुभारंभ ध्यान-साधना एवं योगाभ्यास से हुआ। वहीं गुरुधाम पहुँचे हजारों स्वयंसेवकों ने श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ सर्वे भवन्तु सुखिन: की भावना से गायत्री महायज्ञ में आहुतियाँ अर्पित कीं। 11 पारियों में आयोजित इस महायज्ञ में देश के कोने-कोने से आए साधकों ने गायत्री महामंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र के साथ विशेष यज्ञाहुतियाँ दीं।

इस अवसर पर अपने संदेश में गायत्री परिवार के प्रमुखद्वय डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं संस्था की अधिष्ठात्री शैल दीदी ने जन्मशताब्दी वर्ष को पूरे उत्साह के साथ मनाने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं को भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान से जोडऩे पर विशेष बल दिया।

नववर्ष के प्रथम दिन डॉ. पण्ड्या ने कहा कि वर्ष 2026 में देश-विदेश के युवाओं को रचनात्मक कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। ये युवा भ्रष्टाचार एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध विकसित हो रही जनभावनाओं को एक व्यापक सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देंगे। उन्होंने जन्मशताब्दी वर्ष में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता का आह्वान करते हुए भारत के लिए वर्ष 2026 को शुभ बताया तथा नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं।

संस्था की अधिष्ठात्री शैल दीदी ने कहा कि वर्ष 2026 संपूर्ण समाज के लिए असीम संभावनाएँ लेकर आ रहा है। यह वर्ष नए सकारात्मक विचारों को क्रियान्वित करने एवं अधूरे सपनों को साकार करने हेतु दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यह वर्ष नवसृजन, आध्यात्मिक उन्नति एवं सामाजिक जागरण के अनेक स्वर्णिम अवसर प्रदान करेगा।

देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिवार, ब्रह्मवर्चस शोध संस्थान एवं शांतिकुंज परिवार के सदस्यों ने गायत्री परिवार के प्रमुखद्वय से भेंट कर नववर्ष हेतु विशेष मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर गायत्री विद्यापीठ एवं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं शैल दीदी को गुलदस्ते भेंट कर शुभकामनाएँ दीं।

Check Also

यूoपीo के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय द्वारा वैश्य समाज पर अशोभनीय टिप्पणी को लेकर वैश्य समाज मे भारी रोष

कमल अग्रवाल( हरिद्वार )उत्तराखंड मुजफ्फरनगर : श्रीमान माननीय मुख्यमंत्री महोदय उत्तर प्रदेश सरकार लखनऊ द्वारा जिलाधिकारी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *