श्री रणकेश्वर धाम में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर का किया आयोजन
www.shrimannews.in
September 21, 2026
कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड

हरिद्वार : उत्तरी हरिद्वार स्थित श्री रणकेश्वर धाम में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में रीढ़ की हड्डी, कमर, घुटने, कंधे और नसों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से पीड़ित लोगों को फिजियोथेरेपी के माध्यम से उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविर में डॉ. गुरदीप सिंह (डी.पी.टी. फिजियो एक्सपर्ट) द्वारा मरीजों की जांच एवं फिजियोथेरेपी की सुविधा प्रदान की जाएगी। आयोजकों के अनुसार शिविर में विशेष रूप से सर्वाइकल, घुटने का दर्द, माइग्रेन, कमर दर्द, अधरंग (लकवा), कंधे का जाम होना, नसों का बंद होना, कब्ज एवं पेट से संबंधित समस्याओं सहित अन्य शारीरिक परेशानियों के उपचार पर ध्यान दिया जाएगा।

शिविर की खास बात यह है कि इसमें बिना दवाई के फिजियोथेरेपी के माध्यम से उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की समस्या के अनुसार आवश्यक फिजियोथेरेपी एवं व्यायाम संबंधी परामर्श दिया जाएगा, जिससे लोगों को लंबे समय से चली आ रही शारीरिक तकलीफों में राहत मिल सके।
आयोजकों ने बताया कि शिविर में डॉ. रवि कुमार एवं डॉ. मन्जन कुमार भी सेवाएं प्रदान करेंगे। शिविर का आयोजन 20 सितंबर से 24 सितंबर तक किया जा रहा है। मरीजों के लिए उपचार का समय प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिविर का स्थान श्री रणकेश्वर धाम, ऋषिकेश रोड, पुराने आरटीओ कार्यालय के सामने है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से इस निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा का लाभ उठाने तथा आवश्यकता होने पर समय पर फिजियोथेरेपी विशेषज्ञों से परामर्श लेने की अपील की है।
इस अवसर पर श्री हरेराम गिरि महाराज, जीवन प्रकाश पांडे,दया कृष्ण बौड़ाई , सुधांशु जोशी, शिवानी शर्मा, साध्वी सुखजीत सरस्वती, आराधनागिरी जी, साध्वी तृप्ता सरस्वती, अनेक लोग उपस्थित रहे।