Breaking News

बीoएचoईoएलo में विशिष्ट तकनीकी अनुवाद प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन

कमल अग्रवाल (हरिद्वार) उत्तराखंड

हरिद्वार : केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो, राजभाषा विभाग, नई दिल्‍ली तथा राजभाषा विभाग, बीएचईएल हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए गए, विशिष्ट तकनीकी अनुवाद प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज समापन हुआ । दिनांक 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक, मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) में आयोजित किए गए, इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 25 कर्मचारियों ने भाग लिया । कार्यक्रम के समापन पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री अगस्टिन खाखा ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर अपने सम्बोधन में श्री खाखा ने सभी को, सरकारी कार्य हिंदी में करने के लिए प्रेरित किया । साथ ही उन्होंने कार्यस्थलों पर प्रयोग में आने वाले तकनीकी कार्य अनुदेशों आदि का हिंदी में अनुवाद करने पर भी जोर दिया । इससे पहले 21 अप्रैल को आयोजित उद्घाटन सत्र में महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग एवं एयूएससी) श्री सुनील कुमार गर्ग ने कहा कि इस प्रशिक्षण से, हरिद्वार इकाई में प्रयोग होने वाले मैनुअल्स तथा कार्य अनुदेशों आदि के हिंदी अनुवाद में लाभ मिलेगा ।

केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो से संकाय के रूप में आए संयुक्त निदेशक श्री नरेश कुमार एवं सहायक निदेशक श्रीमती लेखा सरीन ने, प्रशिक्षण के दौरान राजभाषा नीति, कार्यालयी अनुवाद व प्रक्रिया तथा प्रशासनिक शब्दावली आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी । साथ ही आंतरिक संकाय के रूप में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री हरीश सिंह बगवार, वरिष्ठ प्रबंधक श्री विनीत कुमार, प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह एवं उप प्रबंधक श्रीमती शशी सिंह ने, तकनीकी क्षेत्र में अनुवाद समस्याएं एवं समाधान, बीएचईएल में प्रयुक्त सामग्री का अनुवाद, इंजीनियरिंग शब्दावली तथा विभिन्न अनुवाद टूल से संबंधित विषयों पर प्रकाश डाला ।

अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री पार्थ सारथी गौड़ा ने सभी को धन्‍यवाद ज्ञापित किया । कार्यक्रम को सफल बनाने में राजभाषा विभाग के अन्य कर्मचरियों ने भी महत्त्वपूर्ण योगदान दिया ।

Check Also

एम्स के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में आयोजित हुआ समारोह 

कमल अग्रवाल ( हरिद्वार)उत्तराखंड एम्स ऋषिकेश : एम्स ऋषिकेश के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में वर्ष 2026 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *